गौरेला पेंड्रा मरवाही। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने मदिरा दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए सेवा सुविधा एप्प (Seva Suvidha) लॉन्च किया है। इस एप्प के माध्यम से मुख्य विक्रयकर्ता, विक्रयकर्ता, मल्टीपरपस वर्कर और सुरक्षा गार्ड अपने वेतन संबंधी विवरण आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि इस एप्प को सचिव सह आबकारी आयुक्त श्रीमती आर. संगीता की पहल पर शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम कर्मचारियों की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
इस मोबाइल एप्प को प्लेस्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है और इसे उपयोग करना बेहद सरल है। अधिकारियों ने कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे एप्प का सक्रिय रूप से उपयोग करें और अपने वेतन संबंधी जानकारी प्राप्त करें।
यह पहल मदिरा दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए डिजिटल सुविधा और जानकारी की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
