मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और निर्देशक विशाल भारद्वाज की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है। ‘कमीने’ (2009), ‘हैदर’ (2014) और ‘रंगून’ (2017) जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके इस सुपरहिट जोड़ी की नई फिल्म का नाम है ‘ओ’ रोमियो (O’ Romeo)।
निर्माताओं ने 14 सितंबर को फिल्म का पहला लुक पोस्टर जारी किया, जिसमें शाहिद कपूर एक बड़े हैट में नजर आ रहे हैं और उनका चेहरा पूरी तरह ढका हुआ है। यह लुक हूबहू रोमियो की झलक देता है। फिल्म के पोस्टर रिलीज के साथ ही निर्माताओं ने बताया कि इसकी रिलीज डेट बदल दी गई है। पहले यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब यह 14 फरवरी 2026 (वैलेंटाइंस डे) पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

‘ओ’ रोमियो’ को साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। यह फिल्म एक एक्शन म्यूजिकल थ्रिलर होगी, जिसकी शूटिंग खूबसूरत लोकेशंस पर पूरी की गई है। शाहिद कपूर के साथ फिल्म में नाना पाटेकर, तृप्ति डिमरी, रणदीप हुड्डा, दिशा पटानी और फरीदा जलाल जैसे सितारे भी नजर आएंगे।
शाहिद कपूर ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर विशाल भारद्वाज के साथ शूटिंग सेट से एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था— “ये खत्म हुआ। इस खास शख्स के साथ मेरा चौथा कोलैबोरेशन। एक्साइटमेंट का लेवल चार्ट से बाहर है। हमेशा की तरह ये मेरे लिए एक नई दुनिया और एक अलग तरह का किरदार है। मैं कमीने में से एक हूं, मैं हैदर हूं और अब मैं हूं…।”
