15 अप्रैल तक जिले के पॉलीटेक्निक और आईटीआई संस्थानों में शिविर का आयोजन
धमतरी, 04 अप्रैल 2025: जिले के बेरोजगार युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत, देश की प्रतिष्ठित कंपनियों जैसे सेल, एनटीपीसी, पीजीसीआईएल, एसईसीएल, जिंदल, एचडीएफसी बैंक आदि में युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल तक जारी रहेगी, जिसके लिए स्थानीय भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक रूद्री (धमतरी) और जिले के विभिन्न आईटीआई संस्थानों में शिविर लगाए जा रहे हैं।
संस्था के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के युवाओं के लिए निःशुल्क पंजीयन एवं आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक अभ्यर्थी शिविर में उपस्थित होकर आवेदन कर सकते हैं। पात्रता के तहत 21 से 24 वर्ष आयु वर्ग के वे अभ्यर्थी, जिन्होंने 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा या स्नातक किया हो और जो वर्तमान में किसी नियमित उच्च शिक्षा में पंजीकृत न हों, इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इसके अलावा, आवेदक के परिवार का कोई भी सदस्य शासकीय सेवा में नहीं होना चाहिए और वार्षिक आय 8 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया: योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन पोर्टल https://pminternship.mca.gov.in पर निःशुल्क किया जा सकता है। आवेदन लोक सेवा केंद्रों या स्वयं के मोबाइल से भी भरा जा सकता है। आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, सभी अंकसूचियों की प्रतियां, बैंक पासबुक के पहले पृष्ठ की छायाप्रति और आधार से लिंक मोबाइल नंबर शामिल हैं।
संस्था के प्राचार्य ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करें। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय पॉलिटेक्निक रूद्री, धमतरी या संबंधित आईटीआई संस्थानों से संपर्क कर सकते हैं।
