22 उच्चस्तरीय पुलों के लिए 109 करोड़ से अधिक, 215 छोटे पुल–पुलिया हेतु 20.93 करोड़ रुपये स्वीकृत
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन के दो वर्षों के भीतर छत्तीसगढ़ में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। इसी क्रम में जशपुर जिले को एक बड़ी सौगात देते हुए बरसात के मौसम में मार्ग अवरुद्ध होने और गांवों का संपर्क टूटने की वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
प्रदेश सरकार ने जशपुर जिले में 22 उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण के लिए 109 करोड़ 09 लाख रुपये तथा 215 छोटे पुल-पुलिया निर्माण के लिए 20 करोड़ 93 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्माण कार्यों से जिले के ग्रामीण, वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में वर्षभर निर्बाध और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की स्वीकृति से जिले के प्रमुख मार्गों पर उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण किया जाएगा। इनमें केराकोना–बैगाटोली, चलनी–परसाडीपा, अलोरी–मतलोगा, जशपुर–सन्ना, जशपुर नगर मुख्य मार्ग, बगीचा–आरा, बगीचा–रेंगले, कलीबा–टांगरबहार, बांसापतरा–दुलदुला, गुलझरिया–बम्हनी, कुनकुरी–रनपुर, भालुमुंडा–खजूरखाट, बोडाझापर–चटकपुर, धौरासांड–दाइजबहार, डुमरबहार–तमता, घुघरी–ढोढरअम्बा, कोतबा–लवाकेरा सहित दुलदुला क्षेत्र के विभिन्न मार्ग शामिल हैं। इन पुलों के निर्माण से नदी-नालों पर निर्भर मार्गों में वर्षभर सुगम और सुरक्षित आवागमन संभव हो सकेगा।
इसके साथ ही गांव, टोला और पारा को मुख्य मार्गों से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में 215 छोटे पुल-पुलिया निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को खेतों, बाजारों, स्कूलों, अस्पतालों और पंचायत मुख्यालयों तक हर मौसम में आसान और सुरक्षित पहुंच मिलेगी।
अब तक बरसात के दिनों में पुल-पुलिया के अभाव में कई क्षेत्रों का संपर्क पूरी तरह टूट जाता था, जिससे आवागमन जोखिमपूर्ण हो जाता था। नए पुलों और पुलियों के निर्माण से न केवल जान-माल की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी। साथ ही दूरी और समय की बचत से आमजन को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
जशपुर जिले को मिली इस ऐतिहासिक सौगात पर क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि सुशासन के दो वर्षों के सकारात्मक परिणाम अब जमीन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं और सड़कों व पुलों के विकास से जशपुर जिला प्रगति की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
