Chamoli loco Train Collision: चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में एक गंभीर रेल हादसा हुआ है। विष्णुगाड पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग में मजदूरों को लेकर जा रही लोको ट्रेन दूसरी सामान ढोने वाली ट्रेन से टकरा गई। इस घटना में कुल 70 मजदूर घायल हुए हैं। हादसा मंगलवार रात 10 बजे तब हुआ, जब मजदूरों की शिफ्ट बदल रही थी और दोनों ट्रेनों में कुल 108 मजदूर सवार थे।
शुरुआती जांच में पता चला है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण एक ट्रेन ने पीछे से दूसरी ट्रेन को टक्कर मार दी। इस टक्कर से सुरंग के भीतर अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर गिर गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार और तनाव का माहौल बन गया।
घायल मजदूरों को तुरंत प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने बचाया और एंबुलेंस से गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में 42 घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है, जबकि 17 मजदूरों को पीपलकोटी के अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि अधिकांश मजदूरों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ को गंभीर चोटों के चलते विशेष निगरानी में रखा गया है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकांश घायल मजदूर झारखंड और ओडिशा के रहने वाले हैं। उनके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी जा रही है।
यह हादसा टिहरी हाइड्रो डेवलेपमेंट कॉर्पोरेशन (THDC) के विष्णुगाड पीपलकोटी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की टनल में हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
