मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। जिले के दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दनगढ़, आयुष्मान आरोग्य मंदिर चिखली और केवटटोला को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।
भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद इन स्वास्थ्य संस्थानों ने सेवा गुणवत्ता, रोगी अधिकार, संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन सहित 7 राष्ट्रीय मानकों पर 70 से अधिक अंक प्राप्त किए। यह उपलब्धि दर्शाती है कि सुनियोजित प्रयास और समर्पण से गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकती हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोब्रागडे ने बताया कि इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त विशेष कार्ययोजना, सतत मॉनिटरिंग, नियमित समीक्षा और रोगी-केंद्रित दृष्टिकोण की अहम भूमिका रही है। स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार के साथ-साथ मरीजों के अधिकारों और सम्मानजनक व्यवहार पर विशेष ध्यान दिया गया।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह सफलता निरंतर प्रयास, टीमवर्क और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शिक्षा और स्वास्थ्य के माध्यम से जिले के समग्र विकास को गति देना है और आने वाले समय में अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
