रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ‘चावल उत्सव’ आयोजित करने का फैसला लिया है। 7 अप्रैल 2026 को पूरे प्रदेश में यह उत्सव मनाया जाएगा, जिसमें हितग्राहियों को अप्रैल, मई और जून के तीन महीनों का चावल एक साथ वितरित किया जाएगा।
मार्च में 7 लाख लोगों को नहीं मिला राशन
खाद्य विभाग के अनुसार, मार्च माह में प्रदेश के लगभग 7 लाख हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पाया था। इस समस्या को दूर करने के लिए अब तीन महीने का चावल एकमुश्त देने की योजना बनाई गई है। छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने सभी जिला प्रबंधकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की और चावल उपार्जन व भंडारण की समीक्षा की।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि 30 अप्रैल तक सभी उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त चावल का स्टॉक सुनिश्चित किया जाए। वितरण से पहले किसी भी प्रकार की परिवहन समस्या, लेबर की कमी या अन्य दिक्कत हो तो तुरंत मुख्यालय को सूचित करें। साथ ही जिलों के कलेक्टर से निरंतर संपर्क रखकर समय पर भंडारण कार्य पूरा करने को कहा गया है।
‘चावल उत्सव’ में होगी निगरानी
राशन वितरण को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए अप्रैल में ‘चावल उत्सव’ मनाया जाएगा। इस दौरान खाद्य, राजस्व और सहकारिता विभाग के अधिकारी पूरे प्रदेश में निगरानी रखेंगे। अगर कहीं भी गड़बड़ी, हेराफेरी या अनियमितता पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का यह कदम उन हितग्राहियों के लिए राहत भरा है जो पिछले महीने राशन न मिलने से परेशान थे। तीन महीने का राशन एक साथ मिलने से उनकी परेशानी काफी हद तक कम हो जाएगी।
