छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान वे दुर्ग के गोकुल नगर में आयोजित छत्तीसगढ़ हल्बा आदिवासी समाज के 35वें मिलन समारोह एवं शक्ति दिवस पर्व 2025 में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर दुर्ग सांसद विजय बघेल, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ हल्बा आदिवासी समाज द्वारा शक्ति दिवस आयोजन का आह्वान किया गया था, इसी के तहत आज सभी लोग यहां एकत्र हुए हैं। उन्होंने समाज के बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कोचिंग और रहने की सुविधा के लिए 50 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की। साथ ही कवर समाज के लिए 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी इसी समाज से आते हैं, इसलिए समाज के विकास से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ें, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयास करें। इसके साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति का अध्ययन करने का भी सुझाव दिया, ताकि समाज के लोग उद्योग, व्यापार और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग के लिए हैं और हल्बा आदिवासी समाज के लोगों को इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। इससे समाज का समग्र विकास होगा और युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने की नई दिशा मिलेगी।
