रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बजट 2025-26 में रायपुर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। नवा रायपुर में 200 करोड़ की लागत से वेलनेस-वाइल्डलाइफ-वाटर टूरिज्म सुविधा विकसित की जाएगी। साथ ही, 156 करोड़ की लागत से प्लग एंड प्ले ऑफिस स्पेस और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे।
शहर की सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ICCC सेंटर के उन्नयन के लिए 40 करोड़, ई-बस सेवा के लिए 10 करोड़, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 20 करोड़, साइंस सिटी के लिए 37 करोड़, नई लाइब्रेरी के लिए 20 करोड़ और NIFT संस्थान के लिए 50 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को विस्तार देने के लिए अंबेडकर अस्पताल में कार्डियक संस्थान के आधुनिकीकरण हेतु 10 करोड़ और एमआरआई-सीटी स्कैन मशीनों की खरीदी के लिए 35 करोड़ का बजट रखा गया है। सरोना में 100 बिस्तरों का नया अस्पताल, रायपुर मेडिकल कॉलेज में आईवीएफ सुविधा के लिए 10 करोड़ और कैंसर विभाग समेत अन्य चिकित्सा उपकरणों के लिए 20 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा, राष्ट्रीय खाद और औषधि प्रयोगशाला के लिए 47 करोड़, रायपुर-दुर्ग मेट्रो लाइन सर्वेक्षण, 100 एकड़ में मेडिसिटी और एडुसिटी, और राष्ट्रीय शहरी प्रबंधन संस्थान की स्थापना जैसी योजनाएं रायपुर के विकास को नई गति देंगी।
