अस्पताल भवन मरम्मत के लिए 50 लाख रुपये की स्वीकृति
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने एक दिवसीय कबीरधाम प्रवास के दौरान गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी कक्ष, सोनोग्राफी कक्ष, आपातकालीन चिकित्सा सेवा, अंतःरोगी कक्ष, पैथोलॉजी कक्ष, एक्स-रे कक्ष, दवा वितरण कक्ष तथा प्रसव कक्ष का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री जायसवाल ने अंतःरोगी कक्ष में भर्ती मरीजों, विशेषकर शिशुवती माताओं से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा उन्हें महतारी किट का वितरण भी किया। उन्होंने मरीजों से उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
जनप्रतिनिधियों एवं खंड चिकित्सा अधिकारी बोड़ला के आग्रह पर स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला के भवन मरम्मत कार्य के लिए मौके पर ही 50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए और सभी निर्धारित चिकित्सा सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वनांचल क्षेत्र के मरीजों को बेहतर एवं सतत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
