मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 10 सितंबर 2025 को कोरबा प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, कोरबा में आयोजित मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्रीगण एवं प्राधिकरण के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
जिला प्रशासन कोरबा ने बैठक की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं, ताकि आयोजन गरिमामय और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत कोरबा, गोरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बालोद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम (कवर्धा), बिलासपुर, रायगढ़ और सक्ती जिला शामिल हैं।
प्राधिकरण में 51 सदस्य और 24 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। बैठक में ये सदस्य स्वीकृत कार्यों की समीक्षा के साथ ही अपने विचार, सुझाव एवं शिकायत भी प्रस्तुत करेंगे।
