प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय – मुख्यमंत्री श्री साय
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित “प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स – 2026” के सफल आयोजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व एवं भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में खेलों को प्रोत्साहन देने हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। यह आयोजन राज्य की समृद्ध जनजातीय परंपराओं, संस्कृति और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग, हॉकी, फुटबॉल और तैराकी सहित कुल 7 मुख्य खेलों की प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जबकि 2 खेल डेमो स्वरूप प्रस्तुत किए जाएंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार
- सरगुजा संभाग में कुश्ती, तीरंदाजी एवं वेटलिफ्टिंग,
- रायपुर में हॉकी, फुटबॉल एवं तैराकी तथा
- बिलासपुर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 का उद्घाटन समारोह 14 फरवरी 2026 को रायपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण भी दिया।
केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलते हैं, बल्कि खेल संस्कृति को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 के आयोजन हेतु केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग और समर्थन का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स से आदिवासी अंचलों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ एक खेल महाशक्ति के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री श्री मांडविया को ईएसआईसी अस्पतालों के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इससे राज्य के श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने खेलों के आधारभूत ढाँचे के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण अवसरों के विस्तार तथा खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने में खेल मंत्रालय के सहयोग के लिए भी आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने देश में लागू किए गए ऐतिहासिक लेबर कोड के लिए केंद्रीय मंत्री को बधाई देते हुए कहा कि इससे श्रमिक हितों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा कवरेज और श्रम क्षेत्र में पारदर्शिता एवं सरलता को नई दिशा मिली है।
