ग्राम कोठार को 96 लाख रुपए की सौगात, सीसी सड़क व सामुदायिक भवन निर्माण का भूमिपूजन
कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को गति देते हुए उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने आज ग्राम कोठार में लगभग 96 लाख रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें 82.95 लाख रुपए से सीसी सड़क सह नाली निर्माण तथा 13 लाख रुपए से सामुदायिक भवन निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ सड़कों से कृषि, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं, साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलती है।
ग्राम कोठार में दो प्रमुख सड़कों का निर्माण क्रमशः 41.65 लाख और 41.30 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके अलावा 13 लाख रुपए की लागत से दो सामुदायिक भवनों का निर्माण होगा। इन कार्यों से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी आवागमन समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने ग्राम कोठार की ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि आवास योजना के लिए आंदोलन इसी गांव से शुरू हुआ था, जिसे राज्य सरकार ने सत्ता में आने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन पात्र लोगों का नाम आवास सूची में छूटा है, उनके लिए नया सर्वे कराया गया है और ग्राम सभा की अनुशंसा के आधार पर अंतिम सूची तैयार की जाएगी।
श्री शर्मा ने निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश दिए कि गुणवत्ता में किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि टिकाऊ और समयबद्ध सड़क निर्माण से आने वाले वर्षों तक ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नयी सड़कें किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और गांव के हर वर्ग के लिए राहत लेकर आएँगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
