एआई तकनीक से कम प्रयास में होगा अधिक कार्य
रायपुर, मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने कहा कि जनसंपर्क अधिकारी यदि मीडिया के सभी माध्यमों का समन्वित और प्रभावी उपयोग करें, तो अपने कार्य को अधिक प्रभावशाली बना सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से एक्सक्लूसिव स्टोरी तैयार करने और उनके व्यापक प्रचार पर जोर देते हुए कहा कि जिन अधिकारियों की खबरें राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर प्रकाशित होंगी, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. मित्तल नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित “जनसंपर्क की नई चुनौतियां” विषय पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कौशल संवर्धन कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यशाला जनसंपर्क अधिकारियों की व्यावसायिक दक्षताओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जनसंपर्क के माध्यम तेजी से बदल रहे हैं। सूचना संप्रेषण में नई-नई तकनीकों का उपयोग आवश्यक हो गया है। जनसंपर्क अधिकारियों को प्रिंट मीडिया के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया का प्रभावी उपयोग कर शासन की नीतियों और निर्णयों को समयबद्ध एवं प्रमाणिक रूप से जनता तक पहुंचाना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को नवीन तकनीकों, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से अपडेट रहना होगा।
डॉ. मित्तल ने पत्रकारिता स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थियों को जनसंपर्क विभाग में इंटर्नशिप के अवसर देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
उद्घाटन सत्र में अपर संचालक श्री जवाहरलाल दरियो, श्री संजीव तिवारी, श्री उमेश मिश्रा एवं श्री आलोक देव ने जनसेवा में स्पष्ट, सरल और समयबद्ध संवाद की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रभावी संवाद ही जनसंपर्क की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रतिभागियों को दो दिवसीय कार्यशाला की रूपरेखा और उद्देश्यों से अवगत कराया गया।
कार्यशाला के प्रथम दिवस की शुरुआत “पाठक-अनुकूल लेखन : सरकारी समाचार को आकर्षक बनाना” विषयक सत्र से हुई। इस सत्र में दैनिक भास्कर के संपादक श्री शिव दुबे ने सरकारी आदेशों और सूचनाओं से आम जनता से जुड़ी मुख्य बातों को पहचानने, सरल भाषा के प्रयोग, प्रभावी हेडलाइन और लीड पैराग्राफ लेखन पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति की संरचना, उपयुक्त उद्धरणों के प्रयोग तथा संकट के समय मीडिया से संतुलित संवाद की आवश्यकता पर भी चर्चा की।
द्वितीय सत्र में आकाशवाणी के समाचार संपादक श्री विकल्प शुक्ला ने टेलीविजन मीडिया की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने शासकीय योजनाओं को विजुअल स्टोरी के रूप में प्रस्तुत करने, टीवी कवरेज के लिए आवश्यक तत्वों, कैमरे पर प्रभावी बाइट और फैक्ट शीट के महत्व पर प्रकाश डाला।
तीसरे सत्र में सोशल मीडिया और एआई टूल्स के उपयोग पर चर्चा हुई। सोशल मीडिया और एआई विशेषज्ञ श्री राकेश साहू ने एआई आधारित डिजिटल टूल्स से फोटो एवं वीडियो एडिटिंग के व्यावहारिक पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
दिन के अंतिम सत्र में जनसंपर्क संचालनालय भोपाल के सेवानिवृत्त संचालक श्री लाजपत आहूजा ने पीआर टूल बॉक्स, स्टेकहोल्डर मैनेजमेंट और आपातकालीन संचार (क्राइसिस कम्युनिकेशन) से जुड़े उपयोगी टूल्स की जानकारी दी।
इस दो दिवसीय कार्यशाला में प्रदेशभर से आए जनसंपर्क अधिकारियों ने सहभागिता की।
