किसान खेम पटेल ने बेचा 86 क्विंटल धान, बोले—मिले पैसों से चुकाएँगे मकान निर्माण का कर्ज
प्रदेश में 15 नवंबर से शुरू हुआ धान खरीदी तिहार किसानों के लिए खुशियों और आर्थिक राहत का संदेश लेकर आया है। कबीरधाम जिले के ग्राम खिरसाली के किसान खेम सिंह पटेल को इस मौसम में अपनी उपज बेचकर बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में लागू कृषक हितैषी नीतियों और पारदर्शी व्यवस्था के कारण धान खरीदी की प्रक्रिया अब और अधिक सरल, सुगम एवं किसानों के अनुकूल हो गई है।
खेम पटेल बताते हैं कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से खरीदी केंद्रों में भीड़ की समस्या समाप्त हुई है और वे सहजता से 86.40 क्विंटल धान बिना किसी परेशानी के बेच सके। सरकार द्वारा निर्धारित प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा और ₹3,100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य ने उनकी मेहनत को उचित सम्मान दिया है। लगभग 5 एकड़ में उपजे धान की बिक्री से उनके परिवार को महत्वपूर्ण आर्थिक संबल मिला है।
खेम पटेल बताते हैं कि उन्होंने पिछले वर्ष अपने माता-पिता, पत्नी और दो बच्चों के लिए एक पक्का मकान बनवाया था, जिसके निर्माण में कुछ कर्ज शेष रह गया था। धान खरीदी का भुगतान समय पर होने से अब वे इस कर्ज को चुकाने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था, उचित मूल्य, तथा सीधे बैंक खाते में त्वरित भुगतान जैसी व्यवस्थाओं ने किसानों का भरोसा बढ़ाया है। उनके अनुसार—सरकार की यह पहल न केवल किसानों को राहत प्रदान कर रही है, बल्कि उनकी मेहनत की कमाई का सम्मान भी सुनिश्चित कर रही है।
