कवर्धा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और उत्कृष्ट बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चिकित्सकों के सम्मान में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला अस्पताल तथा निजी स्वास्थ्य संस्थानों के डॉक्टर शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री ने सभी को साल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके साथ रात्रि भोज भी किया।
उन्होंने जिले के सुदूर वनांचलों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की सेवा करने वाले चिकित्सकों को विशेष रूप से सम्मानित किया और उनके समर्पण को अमूल्य बताया।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि चिकित्सक समाज के लिए “आधे भगवान” के समान हैं, जो आपात परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा भाव से ही चिकित्सा पेशा संभव है, और कवर्धा के स्थानीय तथा बाहर से आए डॉक्टरों ने पूरे मन से यहां के लोगों की सेवा की है। उन्होंने कहा कि कवर्धा का संपूर्ण क्षेत्र उनके इस योगदान के लिए आभारी है।
कवर्धा में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से चिकित्सा ढांचा मजबूत
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण स्वीकृतियाँ प्रदान की गई हैं—
- 50 बिस्तरीय मातृत्व एवं शिशु अस्पताल हेतु 40 पदों की स्वीकृति
- जिला अस्पताल कबीरधाम में 16.63 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण
- सीटी स्कैन यूनिट, अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब, ओटी एवं हमर लैब में पावर बैकअप व्यवस्था
- जिला चिकित्सालय की क्षमता 100 बिस्तरों से बढ़ाकर 220 बिस्तर, इसके लिए 258 नए पदों की स्वीकृति
- सीएचसी पिपरिया और पीएचसी रेंगाखार को एम्बुलेंस उपलब्ध
- सीएचसी बोड़ला को सोनोग्राफी मशीन
- सीएचसी बोड़ला में शासकीय आवास,
- सीएचसी पिपरिया और सीएचसी सहसपुर लोहारा में पब्लिक हेल्थ यूनिट प्रारंभ
- उपस्वास्थ्य केन्द्र राजा नवागांव का पीएचसी में उन्नयन, तथा
- पीएचसी तरेगांव का सीएचसी में उन्नयन
उन्होंने कहा कि यह सभी कदम कवर्धा के स्वास्थ्य तंत्र को नई गति देंगे।
मेडिकल कॉलेज से कवर्धा बनेगा मेडिकल हब
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 318.27 करोड़ रुपये की लागत से कवर्धा मेडिकल कॉलेज के निर्माण को स्वीकृति मिली है, जिससे कवर्धा अब तेजी से एक मेडिकल हब के रूप में विकसित होगा। इससे जिले को महानगरों जैसी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
11 दिसंबर को होगा ऐतिहासिक शिलान्यास
उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आगामी 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय कवर्धा मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। यह आधारशिला प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूजित है। उन्होंने सभी चिकित्सकों को इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया।
