Bihar Election Result 2025: पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना के दौरान मोकामा सीट से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जेडीयू के प्रत्याशी अनंत सिंह, जो दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोप में जेल में बंद हैं, ने मोकामा सीट से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वीणा देवी को 29,720 वोटों से पराजित किया।
शुरुआती रुझानों से ही अनंत सिंह अपने प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रहे थे। मोकामा हाई-प्रोफाइल सीट पर बाहुबल और राजनीतिक प्रभाव के लिए मशहूर यह मुकाबला शुरू से ही कड़ा रहा। 18वें राउंड की गिनती के बाद अनंत सिंह को 68,132 वोट प्राप्त हुए, जबकि वीणा देवी के खाते में 48,845 वोट आए। 20वें राउंड तक अनंत सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी से 23 हजार से अधिक वोटों की बढ़त बनाए रखी।
यह अनंत सिंह की पहली जीत नहीं है। 2015 में वे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मोकामा से जीत चुके हैं। 2020 में उन्होंने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा और जेल में रहते हुए भी जीत दर्ज की। हालांकि, 2022 में आपराधिक मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्हें विधानसभा सदस्यता गंवानी पड़ी थी। 2025 में उन्होंने पुनः जेडीयू का दामन थामा और मोकामा से जीत हासिल की।
अन्य प्रत्याशियों की स्थिति देखें तो जन सुराज पार्टी के प्रियदर्शी पीयूष 14,465 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि आम आदमी पार्टी के राजेश कुमार रत्नाकर 1,847 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
मोकामा सीट पर अनंत सिंह की यह जीत उनके राजनीतिक प्रभाव और इलाके में मजबूत पकड़ को दर्शाती है। जेल में रहते हुए भी उन्होंने मतदाताओं का विश्वास बनाए रखा और हाई-प्रोफाइल मुकाबले में अपनी स्थिति को साबित किया।
