B Praak Spiritual Tour: नई दिल्ली। अपने भावनात्मक पंजाबी और बॉलीवुड गीतों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर सिंगर बी प्राक ने अपने संगीत सफर को अब एक नई आध्यात्मिक दिशा देने का फैसला किया है। बी प्राक ने घोषणा की है कि वह मार्च 2026 से एक भव्य स्पिरिचुअल म्यूजिक टूर की शुरुआत करेंगे, जिसमें उनके भक्ति गीतों की गूंज भारत से लेकर विदेशों तक सुनाई देगी।
जगन्नाथ के द्वार से हुई घोषणा
बी प्राक ने भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा के साथ एक वीडियो साझा कर अपने इस आध्यात्मिक सफर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा के लिए उन्होंने जानबूझकर जगन्नाथ के द्वार को चुना, क्योंकि उन्हें लगा कि यही सही समय और स्थान है। सिंगर ने इस नई शुरुआत के लिए अपने फैंस से आशीर्वाद और समर्थन भी मांगा।
‘साउंड्स ऑफ हरि’ नाम से होगा स्पिरिचुअल टूर
बी प्राक का यह आध्यात्मिक टूर ‘साउंड्स ऑफ हरि’ नाम से जाना जाएगा। यह टूर मार्च 2026 से शुरू होगा, जिसमें वे भगवान को समर्पित भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। टूर की शुरुआत भारत के विभिन्न शहरों से होगी और इसके बाद यह अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचेगा। इस दौरान राधा-कृष्ण और हरि नाम की भक्ति में डूबा माहौल देखने को मिलेगा।

वृंदावन से जुड़ा है अध्यात्म का सफर
अपने दूसरे बच्चे के निधन के बाद से बी प्राक का रुझान अध्यात्म की ओर और गहरा हुआ है। उन्होंने वृंदावन को अपना वैकुंठ मानते हुए संतों के सान्निध्य में रहकर जीवन को नई दिशा दी। इस दौरान उन्होंने राधा रानी पर आधारित कई भक्ति गीत भी रिलीज किए, जिन्हें श्रोताओं ने खूब सराहा।
संतों से प्रेरणा, भक्ति को बनाया जीवन का आधार
बी प्राक संत प्रेमानंद महाराज और कथावाचक इंद्रेश को अपना गुरु समान मानते हैं। वे जीवन की कठिन परिस्थितियों में मार्गदर्शन के लिए प्रेमानंद महाराज से प्रेरणा लेते रहे हैं। सिंगर का मानना है कि अध्यात्म ने उन्हें मानसिक शांति और जीवन में स्थिरता दी है, जिसे अब वह अपने संगीत के जरिए दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं।
फैंस में जबरदस्त उत्साह
बी प्राक के इस आध्यात्मिक टूर के ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग उनके फैसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं और इसे आज के युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने की एक सकारात्मक पहल बता रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि ‘साउंड्स ऑफ हरि’ जैसे प्रयास समाज में सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का काम करेंगे।
