Kane Richardson Announced Retirement: नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 (7 फरवरी से) से पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट को बड़ा झटका लगा है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज केन रिचर्डसन ने 34 वर्ष की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। चोटों के चलते उनका लंबे समय से खेल प्रभावित रहा और अब उन्होंने 17 साल लंबे करियर का अंत कर दिया।
केन रिचर्डसन का करियर
केन रिचर्डसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 25 एकदिवसीय और 36 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। वे ऑस्ट्रेलिया की उस टीम का हिस्सा थे जिसने 2021 में टी20 वर्ल्ड कप जीता। घरेलू क्रिकेट में भी उनका योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने बिग बैश लीग (BBL) में 15 सत्रों में 142 विकेट लिए और पुरुष वर्ग के सबसे सफल गेंदबाजों में पांचवें स्थान पर रहे। उनके खेल की छाप एडिलेड स्ट्राइकर्स, मेलबर्न रेनेगेड्स और सिडनी सिक्सर्स जैसी टीमों में साफ दिखी।

विशेष रूप से मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए उनके प्रदर्शन को यादगार माना जाता है, जहां उन्होंने 80 मैचों में 104 विकेट लिए और टीम के इतिहास में सबसे अधिक विकेट लेने वाले पुरुष गेंदबाज बने। इसके अलावा, उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पुणे वॉरियर्स के लिए खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
इंस्टाग्राम पर संन्यास की घोषणा
केन रिचर्डसन ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संन्यास की घोषणा की। उनके लंबे समय के साथी और करीबी दोस्त एडम ज़म्पा ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, “मेरे दोस्त ने प्रोफेशनल क्रिकेट का आखिरी मैच खेला है। खेल में 18 साल बिताए और वह मेरे लिए बहुत खास है।”

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय योगदान
रिचर्डसन ने टी20 के अलावा घरेलू लाल गेंद और एकदिवसीय क्रिकेट में भी अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 34 प्रथम श्रेणी मैचों में 102 विकेट और 98 लिस्ट-ए मुकाबलों में 153 विकेट हासिल किए। इसके अलावा, इंग्लैंड की टीमों केंट और बर्मिंघम फीनिक्स तथा यूएई की दुबई कैपिटल्स का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
चोटों ने खेल पर डाला असर
हाल के वर्षों में लगातार चोटों के चलते रिचर्डसन का खेल प्रभावित हुआ। बिग बैश लीग-15 में सिडनी सिक्सर्स के लिए दो मैच खेलने के बाद उन्होंने अपने करियर का अंत किया।

