नई दिल्ली : एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबलों के दौरान हुए विवाद ने अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) का दरवाजा खटखटा लिया है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की शिकायत पर ICC के सामने पेश होना पड़ा। वहीं, BCCI ने भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों साहिबजादा फरहान और हारिस रऊफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों की सुनवाई 26 सितंबर को होगी, जहां ICC अपना अंतिम फैसला सुनाएगा।
PCB के दो आरोप
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव आज ICC के एलीट पैनल के मैच रेफरी रिची रिचर्डसन के समक्ष पेश हुए। PCB ने उनके खिलाफ दो प्रमुख मुद्दों पर शिकायत की थी। पहला, 14 सितंबर को दुबई में खेले गए मुकाबले के बाद सूर्यकुमार ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और ऑपरेशन सिंदूर में शामिल भारतीय सशस्त्र बलों को अपनी जीत समर्पित की थी। PCB ने इसे राजनीतिक टिप्पणी बताते हुए ICC से कार्रवाई की मांग की।
दूसरा मुद्दा हैंडशेक विवाद से जुड़ा है। टॉस के दौरान सूर्यकुमार ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया, जिस पर PCB ने नाराजगी जताई। रिपोर्ट्स के अनुसार, रेफरी 26 सितंबर को अपना फैसला सुनाएंगे। यदि दोषी पाए गए, तो सूर्यकुमार को चेतावनी या मैच फीस का कुछ प्रतिशत जुर्माना लग सकता है। हालांकि, यदि कोई उल्लंघन न पाया गया, तो उन्हें कोई सजा नहीं मिलेगी।
BCCI की शिकायत
दूसरी ओर, BCCI ने सुपर-4 मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों के उकसाने वाले इशारों पर ICC से शिकायत की है। साहिबजादा फरहान ने अर्धशतक पूरा करने के बाद ‘गन सेलिब्रेशन’ किया, जबकि हारिस रऊफ ने विमान गिराने जैसा इशारा किया। इन घटनाओं ने मैदान पर तनाव बढ़ा दिया था। इन दोनों खिलाड़ियों की सुनवाई भी 26 सितंबर को ही होगी।
