Arjun-Saaniya Wedding: मुंबई। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे और युवा क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर की शादी की तारीख तय हो गई है। अर्जुन तेंदुलकर 5 मार्च 2026 को अपनी मंगेतर सानिया चंडोक के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी समारोह मुंबई में आयोजित होगा, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और चुनिंदा रिश्तेदार ही शामिल होंगे।
सूत्रों के हवाले से आईएएनएस की रिपोर्ट में बताया गया है कि शादी से जुड़ी रस्में 3 मार्च से शुरू होंगी और 5 मार्च को मुख्य विवाह समारोह संपन्न होगा। यह आयोजन पूरी तरह निजी रखा जाएगा। गौरतलब है कि अर्जुन और सानिया ने अगस्त 2025 में सगाई की थी, जिसमें भी बेहद सीमित लोग ही शामिल हुए थे।
सानिया चंडोक जाने-माने कारोबारी रवि घई की पोती हैं। वह खुद एक एंटरप्रेन्योर हैं और क्वालिफाइड वेटरनरी टेक्नीशियन भी रह चुकी हैं। वहीं अर्जुन तेंदुलकर भारतीय घरेलू क्रिकेट में एक तेज गेंदबाज और उपयोगी लोअर-ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में पहचान बना चुके हैं।

हाल ही में अर्जुन को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस से लखनऊ सुपर जायंट्स में ट्रेड किया गया है। उन्होंने 2022 में गोवा के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था और अपने पहले ही फर्स्ट-क्लास मैच में 120 रनों की शानदार पारी खेलकर सुर्खियां बटोरी थीं।
आईपीएल करियर की बात करें तो अर्जुन को पहली बार 2021 में मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइस में खरीदा था, हालांकि चोट के कारण वह उस सीजन नहीं खेल पाए। इसके बाद 2022 में उन्हें 30 लाख रुपये में दोबारा खरीदा गया। अर्जुन ने आईपीएल 2023 में डेब्यू किया और अब तक कुल 5 मुकाबलों में 3 विकेट लेने के साथ 13 रन बनाए हैं।
घरेलू क्रिकेट में अर्जुन ने अब तक 22 फर्स्ट क्लास मैचों में 48 विकेट और 620 रन, जबकि 23 लिस्ट-ए मैचों में 25 विकेट और 155 रन बनाए हैं। अब क्रिकेट के साथ-साथ अर्जुन की निजी जिंदगी की यह नई पारी भी फैंस के लिए खास चर्चा का विषय बनी हुई है।
