Anil kapoor Nayak : 2001 में रिलीज हुई अनिल कपूर की पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म ‘नायक’ समय के साथ एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है। अब इस फिल्म को लेकर फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के करीब 25 साल बाद अनिल कपूर ने ‘नायक’ के कॉपीराइट खरीद लिए हैं और वे इसके सीक्वल पर काम करने की तैयारी कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, ‘सनम तेरी कसम’ फेम प्रोड्यूसर दीपक मुकुट के पास लंबे समय से ‘नायक’ के राइट्स थे। अब अनिल कपूर ने उनसे ये अधिकार अपने नाम कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म उनके दिल के बेहद करीब है और वे इसकी कहानी में दूसरे पार्ट की जबर्दस्त संभावनाएं देखते हैं।
एक सूत्र ने कहा, “अनिल कपूर जानते हैं कि ‘नायक’ को सालों से दर्शकों का कितना प्यार मिला है। उनका मानना है कि इस विषय में आज के दौर के हिसाब से भी बहुत दम है, जिसे एक नए अंदाज़ में आगे बढ़ाया जा सकता है।”
हालांकि, ‘नायक 2’ को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
‘नायक’ क्यों बनी कल्ट फिल्म
‘नायक’ एक आम आदमी की कहानी है, जो एक दिन के लिए राज्य का मुख्यमंत्री बनता है और सिस्टम की खामियों को उजागर करता है। फिल्म की कहानी और संवाद आज भी दर्शकों को उतने ही प्रासंगिक लगते हैं, जितने रिलीज के समय थे।
फिल्म में रानी मुखर्जी, अमरीश पुरी, परेश रावल, सौरभ शुक्ला, जॉनी लीवर, शिवाजी साटम और नीना कुलकर्णी जैसे दमदार कलाकार नजर आए थे। पूजा बत्रा का कैमियो और सुष्मिता सेन का स्पेशल अपीयरेंस भी फिल्म की खासियत रहा। शंकर के निर्देशन में बनी यह फिल्म उनकी तमिल हिट ‘मुधलवन’ का हिंदी रीमेक थी।
अनिल कपूर नहीं थे पहली पसंद
2021 में फिल्म के 20 साल पूरे होने पर अनिल कपूर ने खुलासा किया था कि वे इस रोल के लिए पहली पसंद नहीं थे।
उन्होंने कहा था,“आमिर खान और शाहरुख खान के मना करने के बाद मैंने शंकर को मनाया। आज मुझे खुशी है कि मैंने यह फैसला लिया।”
अनिल ने यह भी बताया था कि शूटिंग के दौरान उन्हें एहसास था कि फिल्म कुछ खास होगी, लेकिन इतनी बड़ी सफलता और दीर्घकालिक लोकप्रियता का अंदाज़ा नहीं था। उनका मानना है कि आम आदमी और सत्ता के बीच का टकराव हमेशा दर्शकों के लिए दिलचस्प रहेगा।
अब जब अनिल कपूर ने ‘नायक’ के राइट्स अपने नाम कर लिए हैं, तो फैंस को उम्मीद है कि ‘नायक 2’ जल्द ही बड़े पर्दे पर नई सियासी हलचल लेकर आएगी।
