राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 20 नवंबर 2025 को प्रस्तावित अम्बिकापुर दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन एवं पशुधन विकास विभाग के मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कार्यक्रम स्थल पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अतिथियों एवं आमजन के लिए बैठक व्यवस्था, स्टॉलों की रूपरेखा, आवागमन की सुगमता और यातायात प्रबंधन की स्थिति का जायज़ा लिया। साथ ही पार्किंग स्थान, रूट चार्ट, हेलिपैड की तैयारी और सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन सरगुजा के लिए गौरव का अवसर है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय पर और उच्च स्तर पर पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
स्थल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विलास भोसकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, एएसपी श्री अमोलक सिंह ढिल्लो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
