Allu Sirish-Nayanika Wedding : मुंबई। दक्षिण सिनेमा के चर्चित अभिनेता Allu Sirish की शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। वह 6 मार्च को नयनिका रेड्डी के साथ विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी से पहले प्री-वेडिंग रस्मों की शुरुआत पारंपरिक और भव्य अंदाज में हो चुकी है। हाल ही में हैदराबाद स्थित अल्लू परिवार के आवास पर ‘पेली कोडुकु’ सेरेमनी आयोजित की गई, जिसकी झलकियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
शुभ मंगल स्नानम से हुई रस्मों की शुरुआत
पेली कोडुकु समारोह की शुरुआत ‘शुभ मंगल स्नानम’ से हुई। इस दौरान दूल्हे अल्लू सिरीश को हल्दी, चंदन और सुगंधित तेलों का लेप लगाकर पवित्र स्नान कराया गया। यह रस्म शुद्धिकरण, आशीर्वाद और नए जीवन की शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है।
इसके बाद परिवार की महिलाओं ने दूल्हे को आशीर्वाद दिया और उपहार भेंट किए। पूरे समारोह में पारंपरिक तेलुगु संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी।
सितारों से सजी प्री-वेडिंग शाम
इस खास मौके पर कई फिल्मी सितारे भी शामिल हुए। अभिनेता Vijay Deverakonda और अभिनेत्री Rashmika Mandanna की मौजूदगी ने समारोह की रौनक बढ़ा दी। दोनों ने अल्लू सिरीश और परिवार के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाई, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
साथ ही सुपरस्टार Allu Arjun अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी के साथ समारोह में शामिल हुए। इसके अलावा Ram Charan और उपासना कोनिडेला भी इस पारिवारिक आयोजन का हिस्सा बने।
अल्लू अर्जुन और स्नेहा रेड्डी के लुक ने खींचा ध्यान
पेली कोडुकु समारोह में अल्लू सिरीश पारंपरिक दूल्हे के परिधान में नजर आए। वहीं अल्लू अर्जुन लाल रंग के कुर्ता-पायजामा और चश्मे में बेहद स्टाइलिश दिखे। स्नेहा रेड्डी ने नारंगी साड़ी पहनकर उत्सव का रंग और गहरा कर दिया।
परिवार के अन्य सदस्य भी पारंपरिक परिधानों में नजर आए, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।
6 मार्च की तारीख क्यों है खास?
अल्लू सिरीश 6 मार्च को नयनिका रेड्डी से शादी करने जा रहे हैं। यह तारीख अल्लू परिवार के लिए बेहद खास है, क्योंकि इसी दिन अल्लू अर्जुन ने स्नेहा रेड्डी के साथ सात फेरे लिए थे। बताया जा रहा है कि सिरीश और नयनिका पिछले लगभग दो वर्षों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।
क्या है पेली कोडुकु रस्म?
‘पेली कोडुकु’ तेलुगु शादियों की एक महत्वपूर्ण प्री-वेडिंग रस्म है, जो आमतौर पर विवाह से एक या दो दिन पहले आयोजित की जाती है। इस रस्म में दूल्हे को हल्दी, चंदन और सुगंधित तेलों से अभिषेक कर पवित्र स्नान कराया जाता है। इसे दूल्हे के नए जीवन में प्रवेश का प्रतीक माना जाता है।
अल्लू सिरीश की शादी की रस्मों की ये झलकियां फैंस के बीच उत्साह बढ़ा रही हैं और अब सभी की नजरें 6 मार्च को होने वाली इस भव्य शादी पर टिकी हैं।
