जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुआपानी सुलेशा में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। 40 वर्षीय महिला बसंती बाई की सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके पति ढुलू राम (45 वर्ष) ने ही की थी। पुलिस ने महज कुछ घंटों में इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़े-गले शव की सूचना से फैली सनसनी
20 अप्रैल (रविवार) को गांव के कोटवार सर्वनाथ राम ने पुलिस को सूचना दी कि रोपाक्यारी नाले के पास एक महिला का सड़ा-गला शव पड़ा हुआ है। शव करीब 4–5 दिन पुराना लग रहा था। मौके पर पहुंची बगीचा पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। शव की पहचान महुआपानी सुलेशा निवासी बसंती बाई के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सिर पर भारी वस्तु से वार किए जाने के कारण महिला की मौत हुई है।
पति पर टूटा शक, कबूली वारदात
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर मामले की जांच शुरू हुई। पूछताछ में सामने आया कि बसंती को आखिरी बार उसके पति ढुलू राम के साथ देखा गया था। पुलिस ने ढुलू को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की, तो पहले वह गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में अपना गुनाह कबूल कर लिया।

शादी में विवाद बना हत्या की वजह
ढुलू ने बताया कि 17 अप्रैल को वह और बसंती अपने भतीजे की शादी में चुमावन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। वहीं उसे जानकारी मिली कि बसंती ने चावल, तेल और दो साड़ियां चुराने की कोशिश की थी। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से और शराब के नशे में ढुलू ने बसंती को जंगल ले जाकर बॉक्साइट पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद छिपाया शव, फिर हुआ फरार
ढुलू ने हत्या के बाद नशे में वहीं सो गया और सुबह उठकर शव को एक गड्ढे में छिपाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है।
पहले भी कर चुका है 9 शादियां
पूछताछ में ढुलू ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया कि बसंती उसकी दसवीं पत्नी थी। उसने इससे पहले 9 और शादियां की थीं, हालांकि उन महिलाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने आरोपी ढुलू राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की गहराई से जांच जारी है।
