रायपुर, विश्व प्रसिद्ध और एशिया के नियाग्रा के नाम से विख्यात चित्रकोट जलप्रपात के तट पर 18 फरवरी से दो दिवसीय चित्रकोट महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन होने जा रहा है। राज्य शासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन 18 फरवरी को संध्या 4 बजे चित्रकोट जलप्रपात ग्राउंड में होगा। यह आयोजन बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर साबित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंत्री केदार कश्यप रहेंगे, जबकि अध्यक्षता बस्तर सांसद महेश कश्यप करेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों में जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव और चित्रकोट विधायक विनायक गोयल शामिल होंगे। दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी समारोह में शिरकत करेंगे।
इसके अतिरिक्त, नगर निगम जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत बस्तर के उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, केंद्रीय मर्यादित बैंक बस्तर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप तथा चित्रकोट के सरपंच भंवर मौर्य भी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
संस्कृति, कला और खेल का अनोखा संगम
चित्रकोट महोत्सव बस्तर की लोक संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। स्थानीय लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी रोमांचक खेल प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण होंगी।
चित्रकोट जलप्रपात के मनोहारी प्राकृतिक परिवेश में आयोजित यह उत्सव पर्यटकों को बस्तर की जनजातीय परंपराओं, नृत्य-गीत और हस्तशिल्प से रूबरू कराएगा। इससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र को नई पहचान और मजबूती मिलेगी।
आयोजन समिति ने सभी नागरिकों और पर्यटकों से इस सांस्कृतिक महोत्सव में सहभागिता का आग्रह किया है।
