जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) ने रविवार को हुए आम चुनाव में प्रतिनिधि सभा में दो-तिहाई बहुमत हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को अपनी रूढ़िवादी नीतियों को आगे बढ़ाने के लिए निर्णायक जनादेश मिल गया है।
465 सदस्यीय निचले सदन (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में एलडीपी ने 310 से अधिक सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही पार्टी को संवैधानिक संशोधन करने और ऊपरी सदन (हाउस ऑफ काउंसलर्स) में अस्वीकृति की स्थिति में भी विधेयक पारित कराने की संवैधानिक शक्ति मिल गई है, जहां सत्तारूढ़ गठबंधन अल्पमत में है। क्योटो न्यूज़ के अनुसार, युद्धोत्तर जापान में इतनी बड़ी जीत हासिल करने वाली एलडीपी पहली पार्टी बन गई है।
सनाए ताकाइची की लोकप्रियता का दिखा असर
इस शानदार जीत के साथ एलडीपी ने चुनाव-पूर्व 198 सीटों के आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की व्यक्तिगत लोकप्रियता और सशक्त नेतृत्व को दिया जा रहा है। एलडीपी अपने गठबंधन सहयोगी जापान इनोवेशन पार्टी (जेआईपी) के साथ मिलकर सदन में मजबूत स्थिति में होगी, जिससे अक्टूबर में पदभार संभालने के बाद ताकाइची की राजनीतिक पकड़ और मजबूत हो गई है।
जीत के बाद एक टेलीविजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ताकाइची ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान किए गए वादों को पूरा करना उनकी सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा मंत्रिमंडल को काफी हद तक बरकरार रखा जाएगा, जिसे गठन के बाद से जनता का अच्छा समर्थन प्राप्त हुआ है।
पीएम मोदी ने दी बधाई, भारत-जापान संबंधों पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को उनकी ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारत-जापान की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी वैश्विक शांति, स्थिरता और साझा समृद्धि को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के चुनाव में आपकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई, सनाए ताकाइची। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भारत-जापान की मित्रता और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।
