नई दिल्ली/न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के लिए भारतीय सांसदों का बहु-पक्षीय प्रतिनिधिमंडल न्यूयॉर्क पहुंच चुका है। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजेपी सांसद पी. पी. चौधरी कर रहे हैं और यह दल 14 अक्टूबर तक वहां रहेगा।
प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी के अनिल बलूनी, निशिकांत दुबे और उज्ज्वल निकम, कांग्रेस के विवेक तन्खा और कुमारी शैलजा, समाजवादी पार्टी के राजीव राय और आरएसपी के एन.के. प्रेमचंद्रन समेत अन्य सांसद शामिल हैं। कुल मिलाकर इस प्रतिनिधिमंडल में 15 सांसद भाग ले रहे हैं।
सांसद पुरंदेश्वरी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा एक महत्वपूर्ण वैश्विक मंच है, जहां शांति, सुरक्षा, मानवाधिकार, विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श होता है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व और अवसर का क्षण है, जहां वे भारत का प्रतिनिधित्व कर अंतरराष्ट्रीय चर्चा में सक्रिय योगदान दे सकते हैं।
सपा सांसद राजीव राय ने बताया कि यह अनौपचारिक प्रतिनिधिमंडल राजनीतिक दलों की विविधता को ध्यान में रखते हुए गठित किया गया है, ताकि भारत का संतुलित संसदीय प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। राजीव राय पहले भी भारत सरकार की ओर से संसदीय प्रतिनिधि मंडल के साथ 5 देशों का दौरा कर चुके हैं।
आधिकारिक प्रेस रिलीज के अनुसार, यह प्रतिनिधिमंडल सांसदों को संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्रों में भाग लेने, भारत के स्थायी मिशन के साथ संवाद करने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की आवाज उठाने का अवसर देगा। यह कदम भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और संसदीय कूटनीति के महत्व को दर्शाता है।
भारत लंबे समय से अपने संसदीय प्रतिनिधिमंडल को UNGA भेजता रहा है। इसके पहले इस मंच पर लालकृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भारत का प्रतिनिधित्व किया है। सांसदों की इस यात्रा का उद्देश्य है कि वे भारत की नीतियों और दृष्टिकोण को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर सकें।
