रायपुर, राज्यपाल रमेन डेका ने आज लोकभवन में छत्तीसगढ़ के वीर एवं दिव्यांग महिलाओं की सफलता की कहानियों पर आधारित दो ब्रेल पुस्तकों तथा तीन हजार से अधिक कंटेंट को संकलित कर तैयार की गई ऑडियो बुक्स का विमोचन किया। इस अवसर पर ऑडियो बुक्स निर्माण में योगदान देने वाले राज्य के विभिन्न जिलों के शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।
राज्यपाल ने कहा कि इन पुस्तकों का ब्रेल संस्करण तैयार करना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने इसके लिए सभी को बधाई देते हुए कहा कि समाज में अनेक ऐसी गुमनाम हस्तियां हैं, जिन्होंने अनुकरणीय कार्य किए हैं और उन्हें प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगता एवं मानसिक स्वास्थ्य पर राष्ट्रीय स्तर पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। समाज में सभी के सामने अलग-अलग चुनौतियां होती हैं और दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं, जिनका देश व समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों और अस्पतालों में दिव्यांगजनों की सुविधा हेतु रैम्प सहित आवश्यक संरचनाओं के निर्माण पर जोर दिया।
राज्यपाल ने ऑडियो बुक्स की सराहना करते हुए इनके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता बताई, ताकि प्रदेश के बाहर के दिव्यांगजन भी इसका लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित के. शारदा, प्रीति शांडिल्य सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।
