Vidarbha won Vijay Hazare Trophy 2025-26: मुंबई। भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचते हुए विदर्भ ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का खिताब पहली बार अपने नाम किया। हर्ष दुबे की कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में सौराष्ट्र को 38 रनों से हराया। इस जीत के साथ विदर्भ ने इस सीजन में अपनी ताकत का लोहा मनवाया, क्योंकि टीम ने रणजी ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी के बाद विजय हजारे ट्रॉफी भी अपने नाम की।
विदर्भ की धमाकेदार बल्लेबाजी
सौराष्ट्र को चुनौती देने उतरी विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन का विशाल स्कोर बनाया। पारी की शुरुआत करने आए अथर्व तायडे और अमन मोखाडे ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। हालांकि, अमन 33 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अथर्व तायडे और यश राठौड़ ने दूसरे विकेट के लिए 133 रनों की साझेदारी की। अथर्व ने शतक पूरा किया और 128 रन बनाकर आउट हुए। यश राठौड़ ने 54 रन बनाकर विदर्भ की पारी को मजबूती दी।

टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी योगदान दिया, रविकुमार स्मर्थ 25, फैज मोहम्मद 19, हर्ष दुबे 17, नचिकेत भुते 8, रोहित बिनकर 5 और दर्शन नालकंडे 14 रन बनाए। सौराष्ट्र के लिए अंकुर पंवार ने 4 विकेट लिए, जबकि चेतन सकारिया और चिराग जानी ने 2-2 विकेट झटके।
सौराष्ट्र की चुनौती और हार
279 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम 48.5 ओवर में 279 रन पर सिमट गई, और खिताब अपने हाथ से जाने दिया। शुरुआत में विश्वराज जडेजा 9 और हार्विक देसाई 20 रन पर आउट हुए। प्रेरक मांकड़ ने संभलकर खेलते हुए एक छोर को संभाला और चिराग जानी के साथ पांचवें विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी की। लेकिन मांकड़ के आउट होने के बाद टीम की उम्मीदें कमजोर हो गईं। चिराग जानी 64 रन, रूचित अहिर 21 और चेतन सकारिया 11 रन बनाकर आउट हुए।

विदर्भ के लिए यश ठाकुर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 9.5 ओवर में 50 रन देकर 4 विकेट लिए। नचिकेत भूटे ने 3, दर्शन नालकंडे ने 2 और हर्ष दुबे ने 1 विकेट लिया।
इतिहास रचते हुए पहली बार खिताब
इस जीत के साथ विदर्भ ने पहली बार विजय हजारे ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, सौराष्ट्र तीसरी बार खिताब जीतने से चूक गई, पूर्व में टीम 2007-08 और 2022-23 में विजेता रही थी। विदर्भ की इस शानदार जीत ने उनकी घरेलू क्रिकेट में ताकत को पूरी तरह साबित कर दिया।
