Vijay Hazare Trophy 2025-26: बेंगलुरु। विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनकी बल्लेबाज़ी की चमक सिर्फ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक सीमित नहीं है। विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में दिल्ली की ओर से अपना पहला ही मुकाबला खेलते हुए कोहली ने आंध्रा के खिलाफ शानदार शतक जड़ दिया और एक बड़ा मुकाम अपने नाम कर लिया। इस दमदार पारी के साथ ही विराट ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के वर्ल्ड रिकॉर्ड की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ा दिया है।
83 गेंदों में पूरा किया शतक
इस मुकाबले में विराट कोहली ने 83 गेंदों में शतक पूरा किया। उनकी पारी के दौरान मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिली। शुरुआत में संयमित बल्लेबाज़ी करने वाले कोहली ने जैसे-जैसे क्रीज पर समय बिताया, अपने स्वाभाविक आक्रामक अंदाज़ को भी खुलकर दिखाया।

तीसरे नंबर पर उतरकर संभाली दिल्ली की पारी
विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली टीम की कप्तानी ऋषभ पंत कर रहे हैं। आंध्रा के खिलाफ इस मुकाबले में टॉस के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए आंध्रा ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 298 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज़ अर्पित राणा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर उतरे विराट कोहली ने जिम्मेदारी संभालते हुए पारी को स्थिरता दी।
धीरे-धीरे बदला गियर, फिर दिखाया विराट अंदाज़
पारी की शुरुआत में कोहली ने शांत और संभले हुए अंदाज़ में बल्लेबाज़ी की। दूसरे छोर पर प्रियांश आर्या तेजी से रन बटोर रहे थे। प्रियांश ने महज़ 44 गेंदों में 74 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल थे। विराट जैसे-जैसे सेट होते गए, उन्होंने भी गियर बदला और आक्रामक शॉट्स खेलने शुरू कर दिए। पहले अर्धशतक पूरा किया और फिर शानदार शतक जड़ दिया। शतक के बाद भी कोहली का बल्ला लगातार रन उगलता रहा।
लिस्ट-A में 58 शतक, सचिन का रिकॉर्ड खतरे में
इस शतक के साथ ही विराट कोहली ने लिस्ट-A क्रिकेट में अपने शतकों की संख्या 58 तक पहुंचा दी है। विजय हजारे ट्रॉफी के मैच इसी श्रेणी में आते हैं। लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड अब भी सचिन तेंदुलकर (60 शतक) के नाम दर्ज है। कोहली अब इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड से बेहद करीब पहुंच चुके हैं।
इस सूची में इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ ग्राहम गूच 44 शतकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। जिस शानदार फॉर्म में विराट कोहली नजर आ रहे हैं, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि सचिन का यह रिकॉर्ड भी ज्यादा समय तक अटूट नहीं रह पाएगा।
