मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सतनामी विकास परिषद, सारंगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान कौशल विकास मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय जयंती गुरुपर्व–2025 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह महोत्सव 18, 19 और 20 दिसंबर को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें सतनामी समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन को समाज की आस्था, एकता और सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत उत्सव बताया गया है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि सतनामी समाज ने हमेशा छत्तीसगढ़ की सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि गुरु बाबा घासीदास जी द्वारा प्रतिपादित सत्य, अहिंसा और समानता के आदर्श समाज को नैतिक शक्ति प्रदान करते हैं और सही दिशा दिखाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पावन आयोजन में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य और सम्मान की बात है।
उन्होंने गुरुपर्व को समाज को एक सूत्र में बांधने वाला प्रेरणादायी और मार्गदर्शक आयोजन बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक दिशा को मजबूत बनाते हैं।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक श्री डोमनलाल कोर्सेवाडा, पूर्व विधायक श्रीमती केराबाई मनहर, सतनामी विकास परिषद के अध्यक्ष श्री बी. डी. भारद्वाज, उपाध्यक्ष श्री रमेश अनंत, श्रीमती भानुप्रभा जोल्हे, श्री कृष्णा अजगले, श्री तेजेश्वर सिंह रात्रे और श्री रोहित महिलांग शामिल रहे।
