अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर 3 दिसंबर को सूरजपुर में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। सूरजपुर नगर पालिका परिषद कार्यालय के पास स्थित रंगमंच में होने वाला यह भव्य आयोजन दिव्यांगजन के अधिकारों, सम्मान, समान अवसर और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दयाल दास बघेल करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामसेवक पैकरा, सरगुजा सांसद श्री चिन्तामणि महाराज, प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मराबी, प्रतापपुर विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी पैकरा, जनपद अध्यक्ष सूरजपुर श्रीमती स्वाति सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

राज्यस्तरीय इस आयोजन में दिव्यांगजन के लिए विशेष सहायता कार्यक्रम, जानकारीपरक गतिविधियाँ, जागरूकता सत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएंगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों की सामाजिक भागीदारी को मजबूत करना और समाज में उनके लिए संवेदनशील एवं समावेशी वातावरण को बढ़ावा देना है।
