बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को चेक बाउंस मामले में फिलहाल राहत नहीं मिली है। लगभग 9 करोड़ रुपये के बकाया भुगतान से जुड़े मामले में उनकी याचिका को दिल्ली उच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया है, जिसके चलते वे अभी भी तिहाड़ जेल में बंद हैं।
12 फरवरी को हुई पिछली सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका पर विचार करते हुए शिकायतकर्ता को जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए थे और अगली सुनवाई 16 फरवरी 2026 तय की थी।
राजपाल यादव को ऋण देने वाली कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने अदालत को सूचित किया है कि उन्होंने अपना जवाब दाखिल कर दिया है। हालांकि, यह अभी तक आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो पाया है। इसके बाद अदालत उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करेगी।
इस मामले में फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकार उनके समर्थन में आगे आए हैं। सोनू सूद, वरुण धवन और मीका सिंह सहित कई हस्तियों ने आर्थिक सहायता देने की पेशकश की है। वहीं, निर्देशक प्रियदर्शन ने भी उनके समर्थन में बयान देते हुए कहा है कि वे उन्हें इस मुश्किल घड़ी से बाहर निकालने का प्रयास करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 12 फरवरी की सुनवाई में अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी और शिकायतकर्ता से विस्तृत जवाब मांगा था। अब सभी की निगाहें आज होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जिसमें उनके भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सामने आ सकता है।
