श्रीलंका के कोलंबो स्थित भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (BIA) पर तीन भारतीय नागरिकों को 50 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 14.5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। श्रीलंकाई पुलिस के अनुसार यह अब तक इस हवाई अड्डे पर पकड़ी गई सबसे बड़ी ड्रग खेप है।
पुलिस नारकोटिक्स ब्यूरो ने बताया कि आरोपियों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। तीनों श्रीलंकाई एयरवेज की फ्लाइट से बैंकॉक से कोलंबो पहुंचे थे। गिरफ्तार महिलाओं की उम्र 25 और 27 वर्ष बताई गई है और दोनों मुंबई की निवासी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपी ग्रीन चैनल के रास्ते हवाई अड्डे से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान संदेह के आधार पर उनकी जांच की गई। तलाशी के दौरान उनके सामान से 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस नारकोटिक्स ब्यूरो ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
