कलेक्टर एवं एसपी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण, सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के आगामी 20 नवम्बर 2025 को अम्बिकापुर आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। राष्ट्रपति मुर्मु भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। यह आयोजन अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में होगा, जहां छत्तीसगढ़ एवं सरगुजा संभाग के जनजातीय समुदायों की व्यापक भागीदारी रहेगी।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा कलेक्टर श्री विलास भोसकर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को स्थल निरीक्षण के दौरान लिया। इस दौरान अधिकारियों ने डोम व्यवस्था, पंडाल निर्माण, बैठक एवं पार्किंग प्रबंधन, आगमन एवं निकासी मार्ग, वीआईपी कक्ष, पेयजल, सुरक्षा और यातायात नियंत्रण जैसी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करें, ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रहे।
इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
