छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में 1 से 3 फरवरी तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन होगा। माघ पूर्णिमा के अवसर पर भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे।
अति विशिष्ट अतिथि के रूप में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री और प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री ओ.पी. चौधरी और सांसद रूप कुमारी चौधरी उपस्थित रहेंगे। साथ ही महोत्सव में कई विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका प्रमुख और अन्य गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
समापन समारोह 3 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल और अध्यक्षता सांसद रूप कुमारी चौधरी करेंगे।
सिरपुर महोत्सव के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन महासमुंद और सिरपुर साडा ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में भाग लेने की अपील की है।
