रायपुर, छत्तीसगढ़ में महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता, आत्मसम्मान और सामाजिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई महतारी वंदन योजना आज महिला सशक्तिकरण की एक प्रभावी और दूरगामी पहल के रूप में सामने आ रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसरों से भी जोड़ रही है।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है। अब तक राज्य की लाखों महिलाओं को 23 किश्तों में कुल 14,948 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। इस नियमित सहयोग से महिलाओं की घरेलू खर्चों की चिंता कम हुई है, आत्मविश्वास बढ़ा है और वे आर्थिक निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभाने लगी हैं।
स्वरोजगार की ओर मजबूत कदम
महतारी वंदन योजना की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि महिलाएं इस राशि का उपयोग कर छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा नगर वार्ड क्रमांक 02 की निवासी श्रीमती उर्मिला यादव ने हर माह मिलने वाली सहायता राशि को बचाकर आर्टिफिशियल गहनों का व्यवसाय प्रारंभ किया। वे अब घर से और साप्ताहिक हाट-बाजारों में गहनों की बिक्री कर प्रतिमाह लगभग 2,000 रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित कर रही हैं।
इसी तरह चांपा की श्रीमती ज्योति कसेर ने पापड़ व्यवसाय शुरू कर प्रतिमाह करीब 5,000 रुपये का लाभ अर्जित करना शुरू किया है। ग्राम सरहर की श्रीमती सुमित्रा कर्ष ने श्रृंगार सामग्री की दुकान खोलकर लगभग 1,000 रुपये प्रतिमाह की अतिरिक्त आय प्राप्त की, जबकि श्रीमती कुसुम देवी पाण्डेय ने अपनी श्रृंगार दुकान का विस्तार कर अब हर महीने 2,000 रुपये का मुनाफा कमा रही हैं।
गरीब परिवारों के जीवन में आया स्थायित्व
यह योजना मजदूरी और सीमित आय पर निर्भर परिवारों के लिए भी आर्थिक सुरक्षा का आधार बन रही है। कबीरधाम जिले के ग्राम मझगांव की निवासी श्रीमती सतरूपा गंधर्व को अब तक 23 किश्तों में 23,000 रुपये प्राप्त हो चुके हैं। इस राशि से वे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतें और व्यक्तिगत आवश्यकताएं पूरी कर पा रही हैं, साथ ही बचत भी कर रही हैं।
बलरामपुर जिले के ग्राम रघुनाथनगर की साधारण किसान परिवार से आने वाली श्रीमती ओमलता भी महतारी वंदन योजना से लाभान्वित होकर स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ी हैं।
महिलाओं के सम्मान और सहभागिता में बढ़ोतरी
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में स्थायित्व, सम्मान और आत्मविश्वास लाने वाली योजना है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं परिवार की जरूरतों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और आर्थिक निर्णयों में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजना का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
महतारी वंदन योजना आज केवल एक आर्थिक सहायता कार्यक्रम नहीं, बल्कि महिलाओं के सपनों, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। यह योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर दे रही है और राज्य को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई पहचान दिला रही है।
