मुख्यमंत्री श्री साय और श्री शुक्ला ने बच्चों द्वारा तैयार रॉकेट का किया सफल प्रक्षेपण
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ग्रुप कैप्टन एवं अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के साथ आज नवा रायपुर के राखी में आयोजित कार्यक्रम में जशपुर के बच्चों द्वारा तैयार रॉकेट का बटन दबाकर सफल प्रक्षेपण किया। आईडीवायएम के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह देश के किसी सरकारी स्कूल में स्थापित पहला अंतरिक्ष केन्द्र है। यहां बच्चों द्वारा कार्डबोर्ड एवं पीवीसी पाइप के उपयोग से रॉकेट तैयार किया गया है।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन रायपुर की पहल पर शुरू किए गए प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राखी, नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ के पहले अंतरिक्ष केन्द्र का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री श्री साय एवं वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने किया और केन्द्र का अवलोकन किया।
यह अंतरिक्ष केन्द्र जिला प्रशासन रायपुर, आईडीवायएम तथा सारडा ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में तैयार किया गया है। इस केन्द्र में स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम, स्टूडेंट सैटेलाइट लेबोरेटरी, ग्राउंड स्टेशन एवं मिशन कंट्रोल सेंटर की सुविधा उपलब्ध है। यहां विद्यार्थी स्वयं उपग्रह का डिजाइन, असेम्बली, परीक्षण तथा सिग्नल एवं डेटा डिकोडिंग का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, वन मंत्री केदार कश्यप, भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, विधायक मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप, आईडीवायएम के अध्यक्ष एवं सह-संस्थापक रत्नेश मिश्रा तथा हेड ऑफिसर शिव सिंह भदोरिया उपस्थित थे।
