रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया और समस्त देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने रायपुर के तात्यापारा स्थित शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने सीमित संसाधनों के बावजूद अदम्य साहस, दूरदृष्टि और संगठन क्षमता के बल पर एक सुदृढ़ एवं लोककल्याणकारी राज्य की स्थापना की। उनका प्रशासनिक ढांचा न्याय, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व पर आधारित था, जो आज भी सुशासन के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में आयोजन समिति द्वारा राज्यपाल को ‘मराठा योद्धा सम्मान’ स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित थे।
