जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, एमसीबी द्वारा निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), चिरमिरी में रोजगार मेला एवं प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। यह प्लेसमेंट कैम्प पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार पुणे (महाराष्ट्र) स्थित निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी श्री क्वालिटी सर्विसेज द्वारा गुणवत्ता निरीक्षक (Quality Inspector) के 50 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए आईटीआई, डिप्लोमा, बीएससी, बीई या बी.टेक योग्यता रखने वाले महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 20,000 रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। कार्यस्थल पुणे, महाराष्ट्र रहेगा।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को राज्य के ई-रोजगार पोर्टल (https://erojgar.cg.gov.in) या गूगल प्ले स्टोर से उपलब्ध ‘CG Rojgar Panjiyan App’ के माध्यम से अनिवार्य रूप से पंजीयन कराना होगा। केवल पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही प्लेसमेंट कैम्प में भाग लेने की अनुमति होगी।
अभ्यर्थियों को अपने साथ समस्त शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो), रोजगार कार्यालय का पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो निर्धारित तिथि एवं स्थान पर लाना अनिवार्य होगा।
