भोरमदेव नहर विस्तारीकरण के लिए 11.49 करोड़ रुपये स्वीकृत
कबीरधाम , छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने कबीरधाम जिले के विकासखण्ड बोड़ला अंतर्गत भोरमदेव सकरी फीडर नहर के विस्तारीकरण कार्य के लिए 11 करोड़ 49 लाख 12 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
इस योजना के अंतर्गत नहर निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के किसानों को लगभग 770 हेक्टेयर कृषि भूमि में खरीफ फसलों की सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ किसानों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार होने की उम्मीद है।
जल संसाधन विभाग मंत्रालय, महानदी भवन द्वारा इस कार्य के लिए मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, रायपुर को पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। योजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जल प्रबंधन में सुधार होगा।
