नई दिल्ली। बच्चों को रोज एक जैसा नाश्ता देने से वे जल्दी बोर हो जाते हैं, जिससे माता-पिता के लिए नई डिश तैयार करना चुनौती बन जाता है। ऐसे में एक आसान और पौष्टिक विकल्प है पिंक पैनकेक, जिसे चुकंदर की मदद से बिना किसी आर्टिफिशियल रंग के तैयार किया जा सकता है।
चुकंदर से बना यह पैनकेक न सिर्फ देखने में आकर्षक होता है, बल्कि इसमें मौजूद पोषक तत्व बच्चों की सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। खास बात यह है कि इसका स्वाद पारंपरिक पैनकेक जैसा ही रहता है, लेकिन इसका रंग बच्चों को खासा आकर्षित करता है।
सामग्री
पिंक पैनकेक बनाने के लिए चुकंदर, दूध, गेहूं का आटा या मैदा, चीनी या गुड़, बेकिंग पाउडर और सेकने के लिए घी या मक्खन की जरूरत होती है।
बनाने की विधि
सबसे पहले चुकंदर को उबालकर उसे दूध के साथ मिक्सर में अच्छी तरह पीस लें, जिससे गुलाबी रंग का मिश्रण तैयार हो जाए। अब इस मिश्रण को एक बर्तन में निकालकर उसमें आटा, मिठास के लिए चीनी या गुड़ और थोड़ा बेकिंग पाउडर मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें।
इसके बाद एक नॉन-स्टिक पैन को गर्म करें और उस पर हल्का घी या मक्खन लगाएं। तैयार घोल को पैन पर डालकर गोल आकार में फैलाएं और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेक लें।
इस तरह कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाने वाला यह हेल्दी पिंक पैनकेक बच्चों के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ता साबित हो सकता है। यह रेसिपी उन माता-पिता के लिए खास है, जो बच्चों की डाइट में हेल्थ और टेस्ट दोनों का संतुलन बनाए रखना चाहते हैं।
