युवा उत्थान योजना के अंतर्गत नवा रायपुर में होगी प्रक्रिया
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी युवा उत्थान योजना (वर्ष 2025-26) के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी हेतु नई दिल्ली भेजे जाने वाले अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया अब अगले चरण में प्रवेश कर चुकी है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा 28 दिसंबर 2025 को आयोजित प्राक्चयन परीक्षा के आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची में स्थान पाने वाले अभ्यर्थियों को अब दस्तावेज सत्यापन के लिए आमंत्रित किया गया है।
नवा रायपुर में होगा दस्तावेज सत्यापन
विभागीय जानकारी के अनुसार दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया नवा रायपुर अटल नगर स्थित इंद्रावती भवन, तृतीय तल, मीटिंग हॉल क्रमांक-04 में संपन्न होगी। विभाग द्वारा वर्गवार तिथियां निर्धारित की गई हैं।
वर्गवार तिथि और समय
- अनुसूचित जनजाति वर्ग: 27 जनवरी 2026, समय – सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक
- अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग: 28 जनवरी 2026, समय – सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
दस्तावेज सत्यापन में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को निम्नलिखित मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा—
- प्राक्चयन परीक्षा का प्रवेश पत्र
- कक्षा 10वीं एवं स्नातक की अंकसूची
- सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी मूल निवास प्रमाण-पत्र
- जाति प्रमाण-पत्र (मूल प्रति)
- नोटरी द्वारा अभिप्रमाणित स्वघोषणा पत्र
- अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आय प्रमाण-पत्र
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि और समय पर अनुपस्थित रहने अथवा अपूर्ण दस्तावेज प्रस्तुत करने की स्थिति में अभ्यर्थी की दावेदारी पर विचार नहीं किया जाएगा तथा बाद में किसी भी प्रकार का अभ्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।अभ्यर्थी मेरिट सूची एवं कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर देख सकते हैं।
