जगदलपुर। शासकीय सेवा की लंबी और कर्तव्यनिष्ठ यात्रा पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में कलेक्टोरेट के आस्था कक्ष में गरिमामयी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर आकाश छिकारा ने सेवानिवृत्त हो रहे 9 अधिकारियों और कर्मचारियों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रशासन की संवेदनशील पहल के तहत कलेक्टर ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को मौके पर ही पेंशन भुगतान आदेश भी प्रदान किए, जिससे उनकी सेवा पश्चात की राह सुगम हो सके।
समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री छिकारा ने कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय लोक सेवा और जनहित में समर्पित किया है, जिसके लिए प्रशासन और समाज सदैव उनका आभारी रहेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सेवानिवृत्ति केवल एक औपचारिक पड़ाव है और उनके अनुभव, कौशल व ज्ञान की समाज को आगे भी आवश्यकता है।
इस दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अनिल कुमार पाठक सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजनों की मौजूदगी ने समारोह को और अधिक भावनात्मक और यादगार बना दिया। सभी ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना के साथ ससम्मान विदाई दी।
