जगदलपुर । नगर निगम की मेयर इन काउंसिल बैठक में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो नए पिंक शौचालयों के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके लिए संजय मार्केट और शहीद पार्क को चयनित किया गया है। आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह निर्माण कार्य कार्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) गतिविधियों के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सुलभ शौचालयों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस निर्माण के लिए राशि कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी के माध्यम से प्राप्त होगी, जिसके लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। महापौर ने कहा कि संजय मार्केट और शहीद पार्क में महिला श्रमिकों, यात्रियों और आम नागरिकों की अधिक आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
महापौर ने इसे शहरी विकास, स्वच्छता और महिला सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रयास न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगा, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुविधा और सम्मान को भी मजबूती प्रदान करेगा। दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
सीएसआर फंडिंग से होगा निर्माण
नगर निगम ने पिंक शौचालय निर्माण का प्रस्ताव स्टेट बेवरेज कार्पोरेशन को भेज दिया है। 2025-26 की CSR गतिविधियों के अंतर्गत संजय मार्केट और शहीद पार्क में महिला-अनुकूल, सुरक्षित और स्वच्छ पिंक शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
महापौर ने इस स्वीकृति को शहरी स्वच्छता और आधुनिक नगरीय सुविधाओं की दिशा में अहम कदम बताते हुए अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा, जिससे महिलाओं को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
