छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 07 दिसंबर को आयोजित होने वाली जल संसाधन विभाग की अमीन भर्ती प्रवेश परीक्षा 2025 के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन के लिए बस्तर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कलेक्टर हरीश एस के निर्देशानुसार 03 दिसंबर को कलेक्टोरेट के प्रेरणा सभा कक्ष में महत्वपूर्ण बैठक सह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
इस कार्यशाला में केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, पुलिस नोडल अधिकारियों और उड़नदस्ता दल के सदस्यों ने भाग लिया। व्यापम द्वारा जारी नवीन निर्देशों को पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तारपूर्वक समझाया गया। केंद्राध्यक्षों को परीक्षा केंद्रों में सभी मूलभूत सुविधाएं—पर्याप्त रोशनी, पंखे, स्वच्छ पेयजल, दीवार घड़ी, इमरजेंसी लाइट और उपयुक्त फर्नीचर—परीक्षा से पूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन और तलाशी (फ्रिस्किंग) को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए। अभ्यर्थियों की पोशाक, स्वेटर, फुटवेयर तथा परीक्षा सामग्री से संबंधित मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा। सभी अधिकारियों से दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी एवं सतर्कता के साथ करने को कहा गया, ताकि परीक्षा भयमुक्त और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में अपर कलेक्टर सी.पी. बघेल, डिप्टी कलेक्टर नंदिनी साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
