गौरेला विकासखण्ड के दुर्गम ग्राम डांड़जमड़ी में बुधवार को आयोजित जनचौपाल के बाद कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने आंगनबाड़ी केंद्र तथा प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल डांड़जमड़ी का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में बच्चों की संख्या, उपस्थिति, गतिविधियों और पोषण आहार की गुणवत्ता का जायजा लिया। ठंड से बचाव के लिए कलेक्टर ने बच्चों को अपने हाथों से स्वेटर पहनाए।
स्कूल निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन की स्थिति और शिक्षण स्तर का मूल्यांकन किया। कलेक्टर ने प्राथमिक कक्षा के बच्चों से पहाड़ा, पर्यावरण अध्ययन और अंग्रेजी की पाठ्य सामग्री पढ़वाकर उनका शैक्षिक स्तर परखा, जो संतोषजनक पाया गया।

उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आने और पढ़ाई में कठिनाई होने पर शिक्षकों से पूछने की सलाह दी। शिक्षकों को अधिक समर्पण के साथ अध्यापन करने हेतु निर्देशित भी किया। कलेक्टर ने सभी बच्चों को कॉपी, पेन और चॉकलेट वितरित कर उत्साह बढ़ाया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, एसडीओ फॉरेस्ट गौतम पड़िभार और महिला एवं बाल विकास अधिकारी अमित सिन्हा उपस्थित रहे।
