रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत जयंती वर्ष के तहत खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा 02 से 09 जनवरी 2026 तक प्रदेशभर में चावल उत्सव एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रजत जयंती सप्ताह के दौरान राज्य के सभी जिलों की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में रजत जयंती चावल उत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में माह जनवरी का खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ राशनकार्डधारियों एवं आम नागरिकों को उपभोक्ता अधिकारों, खाद्य सुरक्षा तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी जानकारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
खाद्य विभाग का उद्देश्य इस पहल के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी और सुचारु खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के साथ उपभोक्ता जागरूकता को सशक्त बनाना है।
