बाबा घासीदास के संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ से समाज को मिल रही एकता की प्रेरणा : मंत्री देवांगन
संत शिरोमणि परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती गुरु पर्व के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने बालको नगर एवं टीपी नगर स्थित सतनाम प्रांगण में जैतखाम की पूजा-अर्चना कर राज्य एवं नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
सतनाम कल्याण समिति बालको नगर द्वारा आयोजित बाबा गुरु घासीदास जयंती समारोह में मंत्री श्री देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी महान संत थे, जिन्होंने ‘मनखे-मनखे एक समान’ का अमर संदेश दिया। यह संदेश आज भी समाज को जोड़ने और समानता की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है।
टीपी नगर स्थित सतनाम प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में भी मंत्री श्री देवांगन ने जैतखाम की पूजा कर समाजजनों को गुरु पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों पर चलते हुए अंत्योदय को लक्ष्य बनाकर जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर रही है। गुरु घासीदास बाबा का संदेश एकता, शांति और सामाजिक समरसता का मूल मंत्र है।

सतनाम प्रांगणों में 1.69 करोड़ के विकास कार्य
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि बाबा गुरु घासीदास जी के आशीर्वाद एवं समाज के सहयोग से कोरबा विधानसभा अंतर्गत विभिन्न सतनाम प्रांगणों के विकास हेतु बीते दो वर्षों में कुल 1 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
इनमें प्रमुख रूप से —
- वार्ड क्रमांक 16 टीपी नगर स्थित सतनाम प्रांगण में डोम शेड निर्माण : 64 लाख रुपये
- वार्ड क्रमांक 55 सुमेधा सतनामी पारा में अहाता युक्त भवन निर्माण : 15 लाख रुपये
- वार्ड क्रमांक 5 इंदिरा नगर दुरपा में सामुदायिक भवन निर्माण : 15 लाख रुपये
- वार्ड क्रमांक 39 बालको नगर में सतनाम भवन जीर्णोद्धार एवं अन्य कार्य : 15 लाख रुपये
- वार्ड क्रमांक 4 राताखार में सतनाम भवन विस्तार एवं किचन सेट निर्माण : 15 लाख रुपये
- वार्ड क्रमांक 65 बलगी स्थित गुरु घासीदास परिसर में अहाता निर्माण : 5 लाख रुपये
- वार्ड क्रमांक 58 श्याम नगर साडा कॉलोनी में सामुदायिक भवन एवं अहाता निर्माण : 25 लाख रुपये
- वार्ड क्रमांक 28 एमडी कॉलोनी स्थित सतनाम प्रांगण में सामुदायिक भवन एवं मंच निर्माण : 15 लाख रुपये
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि सभी विकास कार्य विभिन्न मदों से स्वीकृत होकर तेजी से पूर्ण किए जाएंगे।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, समिति अध्यक्ष श्री नारायण लाल कुर्रे, श्रीमती सुनीता पाटले, श्री सत्येंद्र डहरिया, श्री आर.डी. भारद्वाज, श्री योगेश मिश्रा, पार्षद श्री लक्ष्मण श्रीवास, श्रीमती प्रेमलता बंजारे, श्रीमती धनकुमारी गर्ग, बालको नगर समिति अध्यक्ष श्री रमेश जाटवर, उपाध्यक्ष श्री मंगल घृत लहरे, श्री संतोष बंजारे, श्री डायमंड बंजारे सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं नागरिक उपस्थित रहे।
